गांधी, शास्त्री और विष्णु शरण दुबलिश को किया नमन, प्रबंध समिति सचिव बोले- स्वच्छ परिसर और कार्यस्थल हमारी सामूहिक जिम्मेदारी

मेरठ, 2 अक्टूबर। मेरठ कॉलेज के ऐतिहासिक प्रांगण स्थित गांधी जी से संबंधित प्रसिद्ध वट वृक्ष स्मृति स्थल पर गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों तथा कॉलेज के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने गांधी जी को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के सचिव विवेक कुमार गर्ग ने की। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर प्रत्येक नागरिक और महाविद्यालय परिवार को स्वच्छता का संकल्प लेना चाहिए। अपने कार्यस्थल, विभाग और कॉलेज परिसर को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी प्रेरणा देती है। ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और किसानों के सम्मान की भावना को मजबूत करता है।

प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने नेल्सन मंडेला द्वारा गांधी जी के विचारों के संबंध में व्यक्त विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रेस प्रवक्ता प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने स्वतंत्रता आंदोलन में विष्णु शरण दुबलिश की भूमिका और काकोरी कांड से जुड़े उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में प्रो. अनीता मलिक, चीफ प्रॉक्टर प्रो. पवन कुमार, प्रो. रचना कुमारी, एनसीसी अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार, सूचना अधिकारी डॉ. कौशल प्रताप मोटा, प्रो. सचिन कुमार, पंजाब सिंह मलिक, दयानंद द्विवेदी एवं वाचस्पति मिश्रा सहित शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts