188 लोगों की जांच, कैंसर स्क्रीनिंग से लेकर बीपी-शुगर तक की सुविधा
‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ अभियान में एम पब्लिक स्कूल में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, समय पर बीमारी की पहचान पर जोर
मेरठ, 2 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस लाइन की ओर से मोहनपुरी विकास विहार स्थित एम पब्लिक स्कूल में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य एवं कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाया गया। शिविर में 188 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। रोटरी क्लब के सहयोग से पूनम आशा के आशा केंद्र का उद्घाटन भी किया गया।
शिविर में बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन और टीबी की जांच के साथ मुख, स्तन, गर्भाशय ग्रीवा एवं प्रोस्टेट कैंसर की प्राथमिक स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी। कुल 40 लोगों की बीपी, 38 की शुगर, 38 की हीमोग्लोबिन और सात लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि दो लोगों की कैंसर की प्राथमिक जांच हुई।
राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र में कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। कैंसर की समय पर पहचान होने से उपचार की संभावनाएं बढ़ती हैं। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने भी मरीजों से संवाद कर बीपी, शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने स्क्रीनिंग सेंटर की पहल की सराहना की।
रोटरी क्लब की मंडल गवर्नर पायल गौड़ ने कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर के लिए मशीन सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया। मनोनीत मंडल गवर्नर प्रीतीश कुमार सिंह ने हृदय में छेद की समस्या से पीड़ित बच्चों के उपचार में निशुल्क सहायता के प्रयास की बात कही। सीडीओ नूपुर गोयल ने आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों से घर-घर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। मरीजों में बीमारी के लक्षणों की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य बीमारी को गंभीर रूप लेने से पहले पहचानना और लोगों तक सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. रामप्रसाद, डॉ. विभा नागर, मंडल अध्यक्ष अनुराग बिश्नोई, क्षेत्रीय पार्षद उत्तम सैनी, एम पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या निर्मला, संस्थापक शशांक अग्रवाल तथा रोटरी क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment