महिला प्रकोष्ठ ने नवप्रवेशित छात्राओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

मेरठ कॉलेज में परिचय एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम, प्राचार्य ने कहा- लक्ष्य तय कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें

मेरठ। मेरठ कॉलेज में सोमवार को महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए परिचय एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला प्रकोष्ठ, आंतरिक शिकायत समिति, उनके अधिकारों तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने छात्राओं से स्क्रीन टाइम कम करने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपनी पहचान और व्यक्तित्व में सहजता एवं प्रामाणिकता बनाए रखनी चाहिए। साथ ही भावनाओं के साथ तार्किक सोच अपनाते हुए आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने की सलाह दी।

महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. मोनिका भटनागर ने छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, उनके अधिकारों और संस्थागत सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने आंतरिक शिकायत समिति की कार्यप्रणाली तथा शिकायत दर्ज कराने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में प्रो. ममता शर्मा, प्रो. विनीता, प्रो. नविता, प्रो. सुजाता मेनवाल, प्रो. दिव्या और डॉ. शैली उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित छात्राओं को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण, अधिकारों और सहायता व्यवस्था के प्रति जागरूक किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts