नशा छोड़कर शान से जियो, नशामुक्त समाज के निर्माण का लें संकल्प

नशा एक अभिशाप, जो व्यक्ति ही नहीं पूरे परिवार को कर देता है बर्बाद

 कुसुम शर्मा 

नशा एक अभिशाप है। जिंदगी की सार्थकता अपनों के साथ खुशहाल जीवन जीने में है, न कि नशे के सहारे वास्तविकता से दूर भागने में। नशा समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि उन्हें और अधिक गंभीर बनाने का कारण है। बड़ी से बड़ी परेशानी का निदान होश और समझदारी से किया जा सकता है, लेकिन नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर देता है।

जीवन बेहद खूबसूरत है। इसे अपनों के साथ जीना चाहिए, उनसे दूर भागकर नहीं। नशे की आग केवल एक व्यक्ति की जिंदगी को ही नहीं जलाती, बल्कि इसकी चपेट में पूरा परिवार आ जाता है। शुरुआत में नशा शौक या मनोरंजन लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के जीवन, स्वास्थ्य, सम्मान और परिवार का सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है।

नशे की लत व्यक्ति की कार्यक्षमता को प्रभावित करती है। वह भावनात्मक रूप से कमजोर होने लगता है और धीरे-धीरे वास्तविकता से दूर होता चला जाता है। उसका पारिवारिक और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होने लगता है। कई बार इसका परिणाम असमय मृत्यु के रूप में सामने आता है।

हालांकि, इच्छाशक्ति, परिवार के सहयोग और उचित उपचार से नशे की लत से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए परिवार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कई बार माता-पिता को बच्चों की नशे की आदत का पता चल जाता है, लेकिन समाज में बदनामी के डर से वे इस बात को छिपाते रहते हैं। ऐसा करना समस्या को और गंभीर बना सकता है।

मेरा माता-पिता से अनुरोध है कि वे बदनामी की चिंता छोड़कर समय रहते सामाजिक संस्थाओं, विशेषज्ञों और काउंसलर की मदद लें। बच्चों और बड़ों को सही मार्गदर्शन देकर उनके जीवन को नई दिशा प्रदान करें। नशे की समस्या को छिपाने के बजाय उसका समाधान तलाशना जरूरी है।

आइए, हम सभी मिलकर परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लें। जागरूकता फैलाएं, नशे की गिरफ्त में आए लोगों को तिरस्कार नहीं, बल्कि सहयोग और उपचार का रास्ता दिखाएं। हमारा छोटा-सा सकारात्मक प्रयास किसी का जीवन और पूरा परिवार बचा सकता है।

नशा घातक है, इसे जीवन से दूर भगाएं। नशा छोड़कर शान से जिएं और समाज में अपनी अलग पहचान बनाएं।

नशा छोड़कर शान से रहो,
जीवन में नशे को अलविदा कहो।
नशे को छोड़ना ही असली शान है,
नशामुक्त जीवन ही समाज में पहचान है।

बेटियां फाउंडेशन

No comments:

Post a Comment

Popular Posts