सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर 21 हजार वर्ग मीटर में होगा व्यावसायिक विकास, एनसीआरटीसी ने मांगी निविदा

होटल, ऑफिस, रिटेल और रेस्तरां खोलने का मिलेगा मौका, एयर-राइट्स डेवलपमेंट के तहत निवेशकों को आमंत्रण

मेरठ/नई दिल्ली। दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर व्यावसायिक विकास की बड़ी संभावनाएं खुलने जा रही हैं। एनसीआरटीसी ने स्टेशन पर प्रॉपर्टी डेवलपमेंट के लिए निविदा आमंत्रित की है। एयर-राइट्स डेवलपमेंट के तहत स्टेशन के मौजूदा ट्रैक और संरचनाओं के ऊपर उपलब्ध स्थान का उपयोग कर 21,063 वर्ग मीटर का बिल्डेबल एरिया विकसित किया जाएगा।

इस परियोजना के तहत होटल, को-वर्किंग स्पेस, कार्यालय, रेस्तरां, रिटेल आउटलेट्स और संस्थागत सुविधाओं सहित मिश्रित उपयोग वाले व्यावसायिक निर्माण किए जा सकेंगे। इससे रियल एस्टेट डेवलपर्स और निवेशकों को राजधानी के प्रमुख स्थान पर आधुनिक व्यावसायिक केंद्र विकसित करने का अवसर मिलेगा।

सराय काले खां स्टेशन दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का प्रमुख केंद्र है। यहां से दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और वीर हकीकत राय अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इसके अलावा रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी स्टेशन जुड़ा हुआ है। इससे दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलती है।

भविष्य में दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ और दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर के लिए भी सराय काले खां प्रमुख प्रारंभिक स्टेशन बनेगा। इससे पूरे एनसीआर में यात्रियों की आवाजाही और बढ़ने की संभावना है।

एनसीआरटीसी की योजना के तहत व्यावसायिक परिसर को स्टेशन के साथ एकीकृत किया जाएगा। यात्रियों को खरीदारी, खान-पान, कार्यालय और अन्य जरूरी सेवाएं स्टेशन परिसर में ही उपलब्ध होंगी। इससे उन्हें इन सुविधाओं के लिए अलग से यात्रा नहीं करनी पड़ेगी और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाएगा। दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 के अनुरूप नवीकरणीय ऊर्जा प्रणाली और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यमुना नदी कॉरिडोर के नजदीक स्थित इस परियोजना को प्रमुख सड़कों से बेहतर दृश्यता और कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

एनसीआरटीसी के अनुसार, इस परियोजना में निवेश के इच्छुक डेवलपर्स और कारोबारी ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से भाग ले सकते हैं। निविदा की पात्रता, नियम एवं शर्तों तथा आवेदन की समय-सीमा की विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट ncrtc.in और केंद्रीय सार्वजनिक खरीद पोर्टल etenders.gov.in पर उपलब्ध है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts