भाषा दक्षता और अभिव्यक्ति कौशल निखारने को छह दिवसीय कार्यशाला शुरू
मेरठ कॉलेज में बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने पर जोर, विशेषज्ञों ने दिए प्रभावी संप्रेषण के गुर
मेरठ। विद्यार्थियों की भाषा दक्षता और अभिव्यक्ति कौशल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मेरठ कॉलेज के शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को छह दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। 16 से 21 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने के साथ ही मौखिक एवं लिखित अभिव्यक्ति को प्रभावशाली बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने की, जबकि संचालन शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम सिंह ने किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि किसी भी विषय के ज्ञान का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा पुस्तकीय अध्ययन से मिलता है, जबकि शेष 80 प्रतिशत महत्त्व इस बात का है कि व्यक्ति अपने ज्ञान को भाषा दक्षता और अभिव्यक्ति कौशल के माध्यम से किस तरह प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि बेहतर भाषा कौशल न केवल ज्ञान को प्रभावी बनाता है, बल्कि व्यक्ति के आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचार स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ व्यक्त करने का अभ्यास करने का आह्वान किया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में प्रो. पूनम सिंह ने ‘हिंदी भाषा एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रभावशाली बनाने के उपाय’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने हिंदी के शुद्ध उच्चारण, समृद्ध शब्दावली, व्याकरण के सही प्रयोग और विचारों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा के व्यावहारिक प्रयोग पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सत्र में प्रो. रेखा राणा ने ‘अंग्रेजी भाषा में दक्षता एवं संप्रेषण कौशल का विकास’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने अंग्रेजी भाषा के ज्ञान को बेहतर बनाने, बोलने के कौशल में सुधार लाने और प्रभावशाली संप्रेषण क्षमता विकसित करने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास के माध्यम से भाषा संबंधी झिझक दूर करने और आत्मविश्वास के साथ संवाद करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की प्रो. मीनाक्षी शर्मा, प्रो. रेखा राणा, प्रो. विनिता और प्रो. शालिनी त्यागी सहित विभाग के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में दक्ष बनाना तथा उनके मौखिक और लिखित अभिव्यक्ति कौशल को मजबूत करना है, ताकि वे अपने विषय के ज्ञान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें।


No comments:
Post a Comment