मेरठ की बेटी प्रियंका गोस्वामी को अर्जुन अवार्ड, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित; संघर्ष से रचा सफलता का इतिहास
कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर देश का बढ़ाया था मान, पिता ने बेटी के सपने के लिए बेच दिया था गांव का मकान; अब जिले के खिलाड़ियों की सूची में जुड़ा एक और नाम
मेरठ। अंतरराष्ट्रीय पैदल चाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने एक बार फिर मेरठ का नाम देशभर में रोशन किया है। शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस गौरवपूर्ण पल के दौरान प्रियंका के पिता मदन गोस्वामी और कोच गौरव त्यागी भी मौजूद रहे। प्रियंका को देश के प्रतिष्ठित खेल सम्मान से नवाजे जाने पर मेरठ में खुशी का माहौल है।
प्रियंका गोस्वामी ने कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक और एशियन गेम्स जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2022 में बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने 10 हजार मीटर पैदल चाल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया था। अब उनकी खेल उपलब्धियों और योगदान को अर्जुन अवार्ड के जरिए सम्मान मिला है।
पिता ने बेटी के सपने के लिए बेच दिया था मकान
प्रियंका की सफलता के पीछे परिवार का लंबा संघर्ष और त्याग छिपा है। एक समय ऐसा भी था, जब बेटी को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए उनके पिता मदन गोस्वामी ने गांव का मकान तक बेच दिया था। परिवार शहर आया और किराए के मकान में रहने लगा। प्रियंका की तैयारी आसान बनाने के लिए पिता ने उन्हें स्कूटी दिलाई, ताकि वह नियमित रूप से अभ्यास के लिए जा सकें।
मां अनीता गोस्वामी ने भी बेटी की डाइट और खानपान का पूरा ध्यान रखा। परिवार की जिम्मेदारियां निभाने और बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए मदन गोस्वामी ने टैक्सी चलाई। साकेत में किराए पर मकान लेने के साथ किराना स्टोर और डेयरी का काम भी किया। परिवार के इसी सहयोग ने प्रियंका के सपनों को आगे बढ़ने का रास्ता दिया।
जिम्नास्टिक से शुरुआत, फिर पैदल चाल में बनाई पहचान
प्रियंका ने शुरुआत में जिम्नास्टिक में हाथ आजमाया था। वर्ष 2010 में स्टेडियम में कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में उन्होंने 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में हिस्सा लेना शुरू किया। वर्ष 2011 में पहला पदक जीतने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्ष 2015 में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रियंका ने मेरठ के कनोहरलाल गर्ल्स स्कूल और बीके माहेश्वरी से स्कूली शिक्षा हासिल की। इसके बाद पटियाला में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। 2014-15 में पढ़ाई के दौरान आगे बढ़ते हुए बंगलूरू के साई सेंटर में चयन हुआ, जहां उन्हें निशुल्क प्रशिक्षण मिलने लगा।
टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भी किया भारत का प्रतिनिधित्व
फरवरी 2021 में प्रियंका ने 20 किलोमीटर पैदल चाल में 1 घंटा 28 मिनट 45 सेकंड का समय निकालकर नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया। उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक और 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
ये हैं प्रियंका की प्रमुख उपलब्धियां
2022 कॉमनवेल्थ गेम्स: बर्मिंघम में 10 हजार मीटर पैदल चाल में 43 मिनट 38 सेकंड के समय के साथ रजत पदक।
2023 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप: बैंकॉक में 20 हजार मीटर पैदल चाल में रजत पदक।
2020 टोक्यो ओलंपिक: भारत का प्रतिनिधित्व।
2024 पेरिस ओलंपिक: पैदल चाल स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व।
भारतीय रिकॉर्ड: वर्ष 2021 में 20 किलोमीटर पैदल चाल में 1:28:45 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन।
मेरठ के अर्जुन अवार्ड विजेताओं में जुड़ा प्रियंका का नाम
प्रियंका गोस्वामी के अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होने के साथ मेरठ के उन खिलाड़ियों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से जिले का गौरव बढ़ाया है। इससे पहले कुश्ती खिलाड़ी अलका तोमर, एथलीट पारुल चौधरी, भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, पैरा एथलीट प्रीति पाल और निशानेबाज सौरभ चौधरी अर्जुन अवार्ड हासिल कर चुके हैं। अब प्रियंका गोस्वामी की उपलब्धि ने मेरठ की खेल प्रतिभाओं की इस पहचान को और मजबूत किया है।



No comments:
Post a Comment