पूर्व सैनिकों की रैली में आज गरजेंगे मुख्यमंत्री योगी, सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों को भी आस

 कुलवंत सिंह स्टेडियम में पूर्व सैनिकों को करेंगे संबोधित, राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के आवास पर शोक जताने जाएंगे; दोपहर 2:15 बजे लखनऊ रवाना होंगे

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ दौरे पर रहेंगे। करीब सवा दो घंटे के प्रवास के दौरान वह कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिकों की रैली को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों से संवाद के साथ ही राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के आवास पर जाना भी शामिल है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12 बजे रिमाउंट एंड वेटरनरी कॉर्प्स सेंटर एंड कॉलेज के पास स्थित सैन्य हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वह सड़क मार्ग से माल रोड स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां पूर्व सैनिकों की रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर एक बजे लंच के बाद मुख्यमंत्री शास्त्रीनगर स्थित ए-ब्लॉक में राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से दोपहर 2:15 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों को मुख्यमंत्री से उम्मीद

मुख्यमंत्री के मेरठ आगमन के बीच सेंट्रल मार्केट के प्रभावित व्यापारियों ने भी उनसे मुलाकात और अपनी पीड़ा बताने की उम्मीद जताई है। मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा ने मुख्यमंत्री से सेंट्रल मार्केट का दौरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में जिन व्यापारियों की दुकानें टूट गईं, उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री को मौके पर पहुंचकर व्यापारियों की समस्याएं सुननी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts