एक ही मंडप में गूंजे सात फेरों के मंत्र और निकाह की दुआएं, 158 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 86 हिंदू जोड़ों ने लिए सात फेरे, 72 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह; जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद

मेरठ। किसी के कानों में सात फेरों के मंत्र गूंजे तो कहीं निकाह की दुआओं के बीच नए रिश्ते की शुरुआत हुई। एक ही पंडाल में अलग-अलग धर्मों की परंपराओं के साथ 158 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। मौका था मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को खरखौदा स्थित स्वर्णकार फार्म हाउस में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का। यहां 86 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि 72 मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, खरखौदा ब्लॉक प्रमुख पुनीत त्यागी और मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

सात विकास क्षेत्रों से पहुंचे जोड़े, नगर निगम के सबसे अधिक 46 विवाह

सामूहिक विवाह समारोह में जिले के विभिन्न विकास खंडों और निकाय क्षेत्रों के जोड़ों ने हिस्सा लिया। इनमें विकास खंड जानी खुर्द के 27, खरखौदा के 17, मेरठ के 18, रजपुरा के 40, नगर निगम मेरठ के 46, नगर पंचायत किठौर के पांच और नगर पंचायत शाहजहांपुर के पांच जोड़े शामिल रहे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ विवाह कराए जाते हैं। हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों और मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाता है।

एक जोड़े पर एक लाख रुपये का प्रावधान

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मेरठ जिले में अब तक इस योजना के तहत 866 कन्याओं का विवाह कराया जा चुका है। योजना में प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं, 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी जाती है और 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।

ऑनलाइन आवेदन से मिल सकता है योजना का लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक एवं पात्र परिवार आधिकारिक पोर्टल https://cmsvy.upsdc.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

समारोह में उपायुक्त स्वतः रोजगार अनय मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी खरखौदा ब्रजेश कुमार सहित जानी खुर्द, मेरठ और रजपुरा के खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts