भगत सिंह के विचारों से राष्ट्र निर्माण की राह दिखाएं युवा

जयंती पर सीसीएसयू में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण, कुलपति ने देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का दिलाया संकल्प

मेरठ। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती पर सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। परिसर में स्थापित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि भगत सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल है। उनके विचारों ने युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना जगाने का काम किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, शोध, नवाचार और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान अर्जित करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का भी माध्यम है। महापुरुषों को केवल जयंती या पुण्यतिथि पर याद करने के बजाय उनके आदर्शों को जीवन और कार्यशैली में उतारना चाहिए।

कार्यक्रम में कुलसचिव अजय कृष्णा यादव, प्रो. कृष्ण कांत शर्मा, प्रो. राकेश कुमार शर्मा, प्रो. विग्नेश कुमार त्यागी, प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी, डॉ. विवेक कुमार त्यागी, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. ओमपाल शास्त्री, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, इंजीनियर मनोज कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts