गांव के विद्यार्थियों को मिली डिजिटल पढ़ाई की सौगात
राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने मोहिउद्दीनपुर में डिजिटल लाइब्रेरी का किया शुभारंभ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मिलेगी मदद
मेरठ। ग्राम पंचायत निधि योजना वर्ष 2026-27 के तहत ग्राम मोहिउद्दीनपुर में नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का सोमवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने ग्रामवासियों की मौजूदगी में शुभारंभ किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। डिजिटल संसाधनों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विभिन्न विषयों की जानकारी हासिल करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुविधा ग्रामीण युवाओं के ज्ञान, कौशल और प्रतिभा के विकास में सहायक बनेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। डिजिटल लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक पहुंच मिल सकेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नवीन नेहरा, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू गगोल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय नामदेव, चेयरमैन दीपक राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना, ललित चपराना, विपिन प्रधान, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment