मेरठ में आज से शुरू होगा आर्ट ऑफ लिविंग का चार दिवसीय ध्यान शिविर
‘तेरा मैं’ थीम पर 24 नवंबर तक चलेगा एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गौरव वर्मा करेंगे मार्गदर्शन
मेरठ। आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान की ओर से मेरठ में 21 से 24 नवंबर तक चार दिवसीय एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम (एएमपी) का आयोजन किया जाएगा। शिविर टेम्पल ऑफ नॉलेज (टीओके), मेरठ में आयोजित होगा। इस बार शिविर की थीम ‘तेरा मैं’ रखी गई है। इसमें साधकों को ध्यान, मौन, विशेष प्राणायाम और गहन ध्यान प्रक्रियाओं के माध्यम से मानसिक विश्राम, आंतरिक शांति और आत्मबोध का अनुभव कराया जाएगा।
गुरुदेव के विजन को आगे बढ़ाने की पहल
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर का संदेश है कि व्यक्तिगत शांति से ही सामाजिक और वैश्विक शांति का मार्ग प्रशस्त होता है। इसी उद्देश्य के साथ संस्थान 180 से अधिक देशों में तनावमुक्त और हिंसामुक्त समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गौरव वर्मा देंगे प्रशिक्षण
शिविर का संचालन संस्थान के वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गौरव वर्मा (गौरव भैया) करेंगे। वह लगभग 30 वर्षों से आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े हैं। उन्होंने आठ वर्षों तक गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर के सचिव के रूप में भी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा श्रीश्री यूनिवर्सिटी, ओडिशा में निदेशक (ऑपरेशंस) के पद पर कार्य किया है।
गौरव वर्मा आयुष मंत्रालय की उस विशेषज्ञ टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए कॉमन योग प्रोटोकॉल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विज्ञान के विद्यार्थी और आध्यात्मिकता के जानकार गौरव वर्मा यूरोप, मध्य पूर्व, रूस, न्यूजीलैंड और दक्षिण अमेरिका सहित कई देशों में योग, ध्यान एवं जीवन कौशल से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन कर चुके हैं।
मानसिक शांति और सकारात्मकता पर जोर
आयोजकों के अनुसार, आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में ध्यान एवं साधना मानसिक संतुलन, सकारात्मकता और आंतरिक ऊर्जा के लिए महत्वपूर्ण हैं। शिविर का उद्देश्य साधकों को स्वयं के भीतर शांति का अनुभव कराना और इसे परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजन समिति के मुताबिक, शिविर को लेकर मेरठ के साधकों और स्वयंसेवकों में खासा उत्साह है। आर्ट ऑफ लिविंग परिवार ने शहरवासियों और ध्यान प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment