भरोसे का सोना लेकर रफूचक्कर हो रहे कारीगर, अब पुलिस की नजर से नहीं बचेंगे
मेरठ में 2000 से अधिक सराफा कारोबारी और 3000 कारीगर रडार पर, शनिवार से शुरू होगा सत्यापन अभियान
मेरठ। सराफा कारोबारियों का भरोसा जीतकर सोना लेकर फरार होने वाले कारीगरों पर अब पुलिस शिकंजा कसने जा रही है। शहर और सदर सराफा बाजार में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए शनिवार से कारीगरों के सत्यापन का विशेष अभियान शुरू होगा। पुलिस हर कारोबारी के यहां काम करने वाले कारीगरों की पहचान, स्थायी पता और पारिवारिक विवरण जुटाएगी। आधार कार्ड और बैंक पासबुक के रिकॉर्ड के जरिए उनकी पूरी जानकारी तैयार की जाएगी।
मेरठ के शहर और सदर सराफा बाजार में 2000 से अधिक कारोबारी हैं, जबकि इनके यहां करीब 3000 कारीगर काम करते हैं। इनमें बड़ी संख्या पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों की है। सोने के आभूषण तैयार करने से लेकर उनकी फिनिशिंग और मरम्मत तक की जिम्मेदारी इन्हीं कारीगरों के हाथों में होती है। कारोबारी विश्वास के आधार पर उन्हें लाखों रुपये का सोना सौंप देते हैं, लेकिन कुछ कारीगर इसी भरोसे को तोड़कर गायब हो जाते हैं। कई मामलों में उनके स्थायी पते और परिवार की जानकारी तक कारोबारियों के पास नहीं होती।
एसोसिएशन के जरिए हर कारीगर तक पहुंचेगी पुलिस
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि सत्यापन अभियान के लिए सराफा एसोसिएशन से संपर्क किया जा रहा है। एसोसिएशन के माध्यम से सभी कारोबारियों को अभियान की जानकारी दी जाएगी और उनके यहां काम करने वाले प्रत्येक कारीगर का सत्यापन कराने की अपील की जाएगी। पुलिस की कोशिश है कि कोई भी कारीगर इस अभियान से छूटने न पाए। कम समय में अधिक से अधिक कारीगरों का रिकॉर्ड तैयार करने की योजना है।
आधार से लेकर बैंक खाते और परिवार तक की जानकारी
अभियान में कारीगरों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक, स्थायी पते और परिजनों का विवरण दर्ज किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी कारीगर के अचानक गायब होने या सोना लेकर फरार होने पर उसकी पहचान और तलाश आसान बनाना है। खासतौर पर दूसरे राज्यों से आकर काम करने वाले कारीगरों का पूरा रिकॉर्ड जुटाया जाएगा। साथ ही कारोबारियों को भी नए कारीगर को काम पर रखने से पहले उसके दस्तावेज और पते की पुष्टि करने की सलाह दी जाएगी।
एक करोड़ का सोना लेकर भागा कारीगर, कई कारोबारियों को लगाया चूना
मेरठ में कारीगरों के सोना लेकर फरार होने की घटनाएं कारोबारियों की चिंता बढ़ा रही हैं। हाल की कुछ घटनाओं ने पुलिस को इस दिशा में अभियान चलाने के लिए मजबूर किया है।
17 सराफा कारोबारियों से ठगी: देहली गेट क्षेत्र में सुनील कुमार नाम का कारीगर 17 सुनारों से जेवर बनाने के नाम पर लिया गया 930.69 ग्राम सोना लेकर कार से फरार हो गया। सोने की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई।
आठ सोने के हार लेकर गायब: सराफा कारोबारी शहर मलिक का आरोप है कि पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर काजी मुशर्रफ रहमान फिनिशिंग के लिए दिए गए करीब 180 ग्राम सोने के आठ हार लेकर फरार हो गया।
3.89 लाख का सोना लेकर भागा: कोतवाली क्षेत्र में एक कारोबारी के यहां काम करने वाला कारीगर जेवर तैयार करने के लिए दिया गया सोना लेकर गायब हो गया। इसके बाद उसने मोबाइल भी बंद कर लिया।
पुराना कारीगर भी दे गया धोखा: सदर बाजार के एक ज्वेलर ने अपने पुराने कारीगर को गहने बनाने के लिए शुद्ध सोना दिया था। तय समय पर कारीगर नहीं लौटा तो उसके कमरे पर ताला लगा मिला।
धनतेरस पर 32 ग्राम सोना गायब: 6 नवंबर 2026 को देहली गेट क्षेत्र के शहर सराफा बाजार में करीब पांच लाख रुपये कीमत का 32 ग्राम सोना गायब होने का मामला सामने आया। कारीगर ने अज्ञात बदमाशों पर सम्मोहित कर टप्पेबाजी करने का आरोप लगाया था।
कारीगरों का सत्यापन बनेगा सुरक्षा कवच
पुलिस का मानना है कि सराफा कारोबार में विश्वास के साथ सुरक्षा भी जरूरी है। सत्यापन अभियान से जहां संदिग्ध लोगों की पहचान आसान होगी, वहीं कारोबारियों को भी अपने यहां काम करने वालों का पूरा रिकॉर्ड रखने की आदत पड़ेगी। पुलिस की इस पहल से उम्मीद है कि सोना लेकर फरार होने की घटनाओं पर लगाम लगेगी और सराफा कारोबारियों का भरोसा फिर मजबूत होगा।


No comments:
Post a Comment