भाषाई दक्षता और संचार कौशल से सशक्त बनेंगे भावी शिक्षक

छह दिवसीय कार्यशाला का समापन, डिजिटल लर्निंग और हिंदी भाषा के व्यावहारिक महत्व पर दिया गया जोर

मेरठ। मेरठ कॉलेज के शिक्षा विभाग में आयोजित छह दिवसीय ‘स्ट्रेंथनिंग लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी’ कार्यशाला का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन सत्र में हिंदी विभाग के आमंत्रित वक्ता डॉ. मुकेश सेमवाल ने ‘डिजिटल लर्निंग एवं हिंदी भाषा में संचार कौशल’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग, हिंदी भाषा की व्यावहारिक उपयोगिता और प्रभावशाली संवाद कौशल के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी संवाद के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक कौशल और प्रभावी संचार क्षमता भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। बेहतर संवाद क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थी अपने अर्जित ज्ञान का सही उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं भावी शिक्षकों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि भाषा प्रभावी शिक्षण, ज्ञान के आदान-प्रदान और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार है। कार्यशाला के सफल आयोजन में प्रो. विनीता का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. मीनाक्षी शर्मा, प्रो. रेखा राणा, प्रो. शालिनी त्यागी और प्रो. संजय कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। समापन पर विद्यार्थियों को कार्यशाला में अर्जित भाषाई ज्ञान एवं संचार कौशल का उपयोग भावी शिक्षण कार्य और दैनिक जीवन में करने के लिए प्रेरित किया गया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts