मेडिकल कॉलेज में गांधी-शास्त्री जयंती पर महापुरुषों को नमन
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने गांधी जी के सत्य-अहिंसा के संदेश और डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने शास्त्री जी की सादगी व कर्तव्यपरायणता को किया याद
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के चित्र का अनावरण और माल्यार्पण कर की गई। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सत्य और अहिंसा के विचार न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी मार्गदर्शक हैं। उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का आदर्श उदाहरण है।
कार्यक्रम में मेडिसिन विभाग की आचार्य डॉ. श्वेता शर्मा ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन एवं विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। एमबीबीएस छात्राओं ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान ने संबोधन दिया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्य, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारी और विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन एनेस्थीसिया विभाग की सह-आचार्य डॉ. श्वेता ने किया।

No comments:
Post a Comment