उपभोक्ता हित सर्वोपरि रखकर कार्य करेगा पश्चिमांचल डिस्कॉम
गांधी-शास्त्री जयंती पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया संकल्प, बेहतर विद्युत सेवा के साथ स्वच्छता पर भी दिया जोर
मेरठ, 2 अक्टूबर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। डिस्कॉम मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन आदर्शों को अपनाकर उपभोक्ता सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि ऊर्जा देश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है और विद्युत विभाग का सीधा जुड़ाव हर घर और उपभोक्ता से है। ऐसे में उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना विभाग का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सामूहिक स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति सजग रहने, कार्यस्थल को स्वच्छ रखने तथा उपभोक्ता हित में ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को प्रबंध निदेशक ने सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक तकनीकी एनके मिश्र, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर, महाप्रबंधक लेखा अमित रोहिला, मुख्य अभियंता मो. सगीर, राजेश कुमार व रजनीकांत मिश्र, अधीक्षण अभियंता अभिषेक श्रीवास्तव, सोनू रस्तोगी व राहुल शर्मा, अर्जुन अवार्डी एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर अलका तोमर समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment