गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात कर समाज के प्रति दायित्व निभाए विश्वविद्यालय
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा- शिक्षा का उद्देश्य रोजगार के साथ संवेदनशीलता, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना भी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके जीवन और आदर्शों को स्मरण किया।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी ने अपना जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन का संदेश दिया, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने आचरण में उतारा। महापुरुषों को स्मरण करना तभी सार्थक है, जब उनके आदर्शों को व्यवहार में अपनाया जाए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि समाज के प्रति भी उसका व्यापक दायित्व है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, नैतिकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना भी है। विश्वविद्यालय से शिक्षा लेकर निकलने वाले विद्यार्थी समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं, यही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार का आह्वान किया कि गांधी जी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री जी की ईमानदारी-सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों में शामिल करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। कार्यक्रम में बीटेक के विद्यार्थी ने दोनों महापुरुषों के जीवन पर भाषण दिया। भजन प्रस्तुत किए गए और उपस्थितजनों ने गांधी जी व शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कुलसचिव अजय कृष्ण यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता, प्रो. वीरपाल सिंह, प्रो. अतवीर सिंह, प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, प्रो. रमाकांत ओझा, प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी, प्रो. जितेंद्र सिंह, डॉ. दुष्यंत चौहान, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. वैशाली पाटील, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment