दस साल बाद बेसिक शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ, 70 हजार को मिलेगा लाभ
बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी बीएसए से मांगी वरिष्ठता सूची, 23 अक्तूबर तक भेजनी होगी सूची; नवंबर से प्रमोशन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत बेसिक शिक्षकों के करीब दस साल से लंबित पदोन्नति के इंतजार के खत्म होने की उम्मीद जगी है। बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों के बीएसए को शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे करीब 70 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की संभावना है।
शिक्षकों के अनुसार वर्ष 2016 के बाद परिषदीय विद्यालयों में पदोन्नति नहीं हुई है। प्रक्रिया के तहत प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रधानाध्यापक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति दी जाती है। वहीं परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति मिलती है।
प्रदेश में करीब 3.30 लाख परिषदीय शिक्षक हैं। परिषद सचिव सुरेंद्र तिवारी ने बीएसए को निर्देश दिए हैं कि पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची तैयार कर परिषद कार्यालय को 23 अक्तूबर तक उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद नवंबर से पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति की मांग कर रहे थे। अब प्रक्रिया शुरू होने से शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकेगा।

No comments:
Post a Comment