बीएसएनएल के 27वें स्थापना दिवस पर निकली जागरूकता रैली

100 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, स्वदेशी 4जी और फाइबर सेवाओं के प्रचार के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन

मेरठ। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने बुधवार को अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। उत्तर प्रदेश (पश्चिम) परिमंडल के शास्त्रीनगर स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रैली में बीएसएनएल के 100 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

मुख्य महाप्रबंधक अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में निकाली गई जागरूकता रैली तेजगढ़ी से शुरू होकर यूनिवर्सिटी, मंगल पांडेय नगर और गढ़ रोड होते हुए वापस तेजगढ़ी पहुंची। रैली के दौरान स्वदेशी 4जी, भारत फाइबर और बीएसएनएल की अन्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

उपलब्धियों को साझा किया

कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक ने बीते वर्ष बीएसएनएल द्वारा हासिल किए गए लक्ष्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बीएसएनएल परिवार के सभी सदस्यों, संगठन के पदाधिकारियों और उपभोक्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि बीएसएनएल ने The Oriental Insurance Company Limited (OICL) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत पात्र उपभोक्ताओं को चुनिंदा प्रीपेड प्लान STV 202 और STV 2449 के साथ बिना अतिरिक्त प्रीमियम के बीमा लाभ दिए जा रहे हैं। इनमें एक लाख रुपये तक का दुर्घटना मृत्यु कवर और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड प्रोटेक्शन शामिल है।

एफटीटीएच उपभोक्ताओं को ओटीटी चुनने की सुविधा

बीएसएनएल ने भारत फाइबर (FTTH) उपभोक्ताओं के लिए अपनी पसंद के ओटीटी प्लेटफॉर्म चुनने की सुविधा भी शुरू की है। नए एफटीटीएच प्लान में मासिक टोकन या रिवॉर्ड प्वाइंट्स की व्यवस्था की गई है। उपभोक्ता 18004444 पर कॉल कर अथवा बीएसएनएल सेल्फकेयर मोबाइल एप के माध्यम से प्लान में अपग्रेड कर सकते हैं।

CinemaPlus पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ता उपलब्ध टोकन का इस्तेमाल कर अपनी पसंद के ओटीटी एप सक्रिय कर सकते हैं। 30 दिन बाद मौजूदा ओटीटी एप को डी-एक्टिवेट कर नए एप का चयन भी किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ओटीटी सब्सक्रिप्शन के लिए अतिरिक्त टोकन खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है।

स्थापना दिवस पर रक्तदान

एक अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस भी मनाया जाता है। इस अवसर पर बीएसएनएल कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान किया। शिविर का आयोजन लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, मेरठ की ओर से किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान महाप्रबंधक शालीन अग्रवाल, प्रधान महाप्रबंधक (बिक्री एवं विपणन) सुषमा मिश्रा, वरिष्ठ महाप्रबंधक (मानव संसाधन) पीपी श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (सीएफए) फतेह सिंह, महाप्रबंधक (सिविल) देवी प्रसाद और महाप्रबंधक (विद्युत) पुष्पेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts