दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसा, समुद्र में डूबे पुणे के आठ छात्रों की मौत

42 छात्रों का ग्रुप घूमने आया था रायगढ़, तेज लहरों की चपेट में आए आठ छात्र; स्थानीय लोगों और बचाव दल ने निकाले शव

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पुणे के आलंदी से घूमने आए 42 छात्रों के ग्रुप में शामिल आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि आठों छात्र नहाने के लिए समुद्र में उतरे थे, इसी दौरान तेज लहरों और पानी के बहाव की चपेट में आ गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। महाकाली वाटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों की मदद से सभी आठ छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया। शवों को बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

11वीं-12वीं के छात्र थे

जानकारी के मुताबिक, आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 42 छात्र दिवेआगर की यात्रा पर आए थे। इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र शामिल थे। इसी दौरान आठ छात्र समुद्र में तैरने के लिए उतर गए। कुछ ही देर बाद वे तेज बहाव और बदलते जलस्तर की चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाहर से आने वाले पर्यटकों और छात्रों को समुद्र की गहराई तथा पानी के बदलते स्तर का सही अंदाजा नहीं होता। घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। महाराष्ट्र की मंत्री अदिति तटकरे ने हादसे पर दुख जताते हुए शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts