खेल मैदान में दिखेगा 50 से ज्यादा स्कूलों के डीएवी के खिलाड़ियों का दम

सात क्लस्टरों के 50 से अधिक डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 24 अक्टूबर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यूपी टीम का होगा चयन

मेरठ। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026 की रीजनल प्रतियोगिताओं को लेकर डीएवी पब्लिक स्कूल मेरठ में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या अपर्णा जैन ने बताया कि डीएवी मेरठ को रीजनल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता में सात क्लस्टरों के 50 से अधिक डीएवी विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मेरठ में बालक वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 24 अक्टूबर को होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

‘डिजिटल स्क्रीन से दूरी, मैदान में ऊर्जा का संचार’

प्रधानाचार्या ने कहा कि डिजिटल दौर में बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन से दूर कर खेल के मैदान तक लाना सामूहिक जिम्मेदारी है। डीएवी के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी के संदेश ‘डिजिटल स्क्रीन से दूरी, मैदान में ऊर्जा का संचार’ को अपनाते हुए विद्यालय विद्यार्थियों को खेलों के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा जैसे गुण विकसित करते हैं।

‘विनिंग एट ओलंपिक्स’ लक्ष्य के अनुरूप तैयारी

अपर्णा जैन ने कहा कि डीएवी के ‘विजन : विनिंग एट ओलंपिक्स’ के लक्ष्य के अनुरूप प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अल्पना शर्मा और स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. वी. सिंह का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि जीतने पर विनम्र रहना, हार से सीखना और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना ही खिलाड़ी की असली पहचान है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल विभागाध्यक्ष प्रवेश डबास, वीरपाल चौहान, सोनल अरोड़ा और उर्वशी शर्मा मौजूद रहे। प्रधानाचार्या ने मीडिया से प्रतियोगिता को व्यापक कवरेज देने का अनुरोध किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts