तीन साल बाद भारत लौटेगा IPL ऑक्शन, गोवा में लगेगी खिलाड़ियों पर बोली

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने किया ऐलान, दिसंबर में होगा मिनी ऑक्शन; तारीख और होटल अभी तय नहीं

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 का मिनी ऑक्शन तीन साल बाद भारत लौटने जा रहा है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को बताया कि दिसंबर में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी गोवा में आयोजित की जाएगी। हालांकि ऑक्शन की तारीख और आयोजन स्थल अभी अंतिम रूप से तय नहीं किए गए हैं।

पिछले तीन ऑक्शन भारत से बाहर आयोजित हुए थे। 2024 में दुबई, 2025 में सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 में अबूधाबी में खिलाड़ियों पर बोली लगी थी। विदेश में ऑक्शन कराने के दौरान फ्रेंचाइजियों को टीम डेलीगेशन के यात्रा, ठहरने और अन्य लॉजिस्टिक इंतजामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी फीडबैक के बाद नीलामी को भारत लाने का फैसला लिया गया।

होटल और लॉजिस्टिक्स भी बड़ी चुनौती

BCCI ऑक्शन के लिए ऐसा स्थान चुनना चाहता है जहां फ्रेंचाइजियों और उनके प्रतिनिधिमंडल के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था हो। अक्टूबर से दिसंबर के बीच देश में वेडिंग सीजन होने के कारण बड़े होटलों में पर्याप्त कमरे उपलब्ध कराना भी चुनौती रहेगा। BCCI को ऑक्शन के लिए दो रातों में 100 से अधिक कमरों की आवश्यकता होती है।

मिनी ऑक्शन में खाली स्लॉट भरेंगी टीमें

मिनी ऑक्शन में फ्रेंचाइजियां अपनी मौजूदा टीम का बड़ा हिस्सा बरकरार रखते हुए खाली स्लॉट और टीम की जरूरत के अनुसार खिलाड़ियों को खरीदेंगी। 2026 के ऑक्शन से पहले 10 टीमों ने 173 खिलाड़ियों को रिटेन किया था और 77 स्लॉट खाली थे। टीमों के पास कुल 237.55 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध था।

इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर अगले महीने फैसला

IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर भी अंतिम फैसला होना बाकी है। BCCI ने सभी 10 फ्रेंचाइजियों से इस नियम पर लिखित राय मांगी है। गवर्निंग काउंसिल की अगले महीने होने वाली बैठक में नियम को जारी रखने, इसमें बदलाव करने या हटाने पर फैसला लिया जा सकता है।

इम्पैक्ट प्लेयर नियम के तहत टीम मैच के दौरान एक अतिरिक्त खिलाड़ी को इस्तेमाल कर सकती है। इससे टीमों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी के अलग-अलग संयोजन आजमाने का विकल्प मिलता है। हालांकि इसके कारण ऑलराउंडरों की भूमिका प्रभावित होने को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts