एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख के नकली नोट

500 से 10 रुपये तक के नोट शामिल, सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट; पुलिस खंगाल रही 186 बैंकों की जमा रकम का रिकॉर्ड

मेरठ। मंगलपांडेनगर स्थित एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में जांच के दौरान 4 लाख 63 हजार 650 रुपये के नकली नोट मिलने से हड़कंप मच गया। बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण में अलग-अलग मूल्यवर्ग के नकली नोट सामने आए। इसके बाद करेंसी चेस्ट प्रबंधक सरताज सिंह की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक प्रबंधन के मुताबिक बुधवार को करेंसी चेस्ट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 1 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न बैंकों से जमा कराई गई नकदी की गिनती और सत्यापन किया गया। जांच में 500 रुपये के 805, 200 रुपये के 142, 100 रुपये के 279 और 50 रुपये के 97 नकली नोट मिले। इसके अलावा 20 और 10 रुपये के कुल 1323 नोट भी नकली पाए गए।

नकली नोट मिलने के बाद बैंक अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट किस बैंक अथवा किस माध्यम से करेंसी चेस्ट तक पहुंचे। इसके लिए संबंधित अवधि में जमा हुई नकदी और बैंक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

मंगलपांडेनगर स्थित इस करेंसी चेस्ट से करीब 186 बैंक शाखाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पुलिस और बैंक अधिकारी संबंधित बैंकों से जमा हुई रकम का रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। नकली नोटों के स्रोत तक पहुंचने के लिए लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts