नमो भारत में ट्रिप पास सुविधा शुरू
90 दिन तक वैध रहेगा पास, एक ही रूट पर 40 यात्राओं तक का भुगतान पहले से कर सकेंगे यात्री
मेरठ, 29 सितंबर। मेरठ-दिल्ली नमो भारत में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने ट्रिप पास की सुविधा शुरू की है। अब एनसीएमसी कार्डधारक तय स्टेशन से दूसरे तय स्टेशन के बीच कई यात्राओं का भुगतान पहले ही कर सकेंगे। इससे बार-बार टिकट लेने और कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत कम होगी।
ट्रिप पास में 1, 2, 5, 10, 15, 20 और 40 यात्राओं के विकल्प उपलब्ध हैं। एक ट्रिप वाला पास 15 दिन, 2 से 10 ट्रिप वाले पास 30 दिन, 15 व 20 ट्रिप वाले 60 दिन और 40 ट्रिप वाला पास 90 दिन तक वैध रहेगा। पास एनसीएमसी कार्ड पर लोड होने के बाद निर्धारित रूट पर यात्रा करने पर एक ट्रिप स्वत: कम हो जाएगी।
निर्धारित रूट से अलग यात्रा करने पर किराया ट्रिप पास से नहीं कटेगा और सामान्य किराया कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा। ऐसे में अतिरिक्त यात्रा के लिए कार्ड में पर्याप्त बैलेंस रखना होगा।
यात्रियों को एनसीएमसी कार्ड से यात्रा पर 10 प्रतिशत छूट और प्रत्येक एक रुपये के खर्च पर एक लॉयल्टी प्वाइंट भी मिलेगा। 300 प्वाइंट पर मुफ्त यात्रा के लिए इन्हें रिडीम किया जा सकता है। ट्रिप पास स्टेशन काउंटर से खरीदा और बाद में टिकट वेंडिंग मशीन से टॉप-अप किया जा सकेगा।

No comments:
Post a Comment