अक्टूबर के बिजली बिल में 5.24 प्रतिशत की राहत
एफपीपीसीए के तहत उपभोक्ताओं को मिलेगा करीब 424 करोड़ रुपये का लाभ, लगातार चौथे महीने राहत
लखनऊ, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को अक्टूबर के बिल में 5.24 प्रतिशत की राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने अक्टूबर के फ्यूल पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (एफपीपीसीए) से संबंधित आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत प्रदेश के उपभोक्ताओं को करीब 424 करोड़ रुपये का लाभ मिलने का दावा किया गया है।
एफपीपीसीए की यह राहत अक्टूबर के बिजली बिल में दिखाई देगी। इससे पहले जुलाई में 4.43 प्रतिशत, अगस्त में 2.92 प्रतिशत और सितंबर में 7.93 प्रतिशत की राहत दी गई थी। इस तरह लगातार चौथे महीने उपभोक्ताओं को एफपीपीसीए के जरिए राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि परिषद ने अक्टूबर में पांच प्रतिशत से अधिक एफपीपीसीए राहत मिलने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि बिजली खरीद लागत और उपभोक्ताओं को मिलने वाले वैधानिक लाभ की गणना का मुद्दा नियामक आयोग के समक्ष लगातार उठाया गया।
परिषद के अनुसार अक्टूबर की 5.24 प्रतिशत राहत से करीब 424 करोड़ रुपये का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।

No comments:
Post a Comment