हाईकोर्ट की सील पर कटर चला कब्जे का खेल! 

थाने से 50 मीटर दूर तीन दुकानों के ताले काटे

करोड़ों की विवादित संपत्ति में देर रात दुस्साहस, वीडियो वायरल; एसडीएम ने दोबारा ताला लगाने और कार्रवाई के दिए निर्देश

मेरठ। हस्तिनापुर कस्बे के मुख्य मार्ग पर हाईकोर्ट के आदेश से सील की गईं तीन दुकानों के ताले शनिवार देर रात कटर से काट दिए गए। थाने से महज करीब 50 मीटर दूर हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। दुकानों को करीब डेढ़ वर्ष पहले तहसील प्रशासन, नगर पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में सील किया गया था।

करोड़ों रुपये की विवादित भूमि पर निर्माण को लेकर नगर पंचायत ने इसे सरकारी भूमि बताते हुए कार्रवाई की थी। मामला हाईकोर्ट में सी-42002/2023, धनप्रकाश जैन बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य के नाम से विचाराधीन बताया जा रहा है। वर्ष 2025 में हाईकोर्ट के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की पैमाइश और जांच की थी। जांच में बैनामे की आड़ में सरकारी भूमि पर कब्जे का मामला सामने आने के बाद सरकारी भूमि को अलग किया गया था।

इसी भूमि पर तीन दुकानों का निर्माण पाया गया था। तत्कालीन एसडीएम अंकित कुमार, नायब तहसीलदार सचिन चौधरी, अधिशासी अधिकारी राजीव जैन और पुलिस की मौजूदगी में न्यायालय के निर्देश पर दुकानों को सील कर अंतिम निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।

शनिवार देर रात कुछ लोगों ने दुकानों पर लगे सीलयुक्त तालों को कटर से काट दिया। इससे विवादित संपत्ति पर दोबारा कब्जे के प्रयास के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।

एसडीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

एसडीएम संतोष कुमार ने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को सील हटाने वालों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित दुकानों पर दोबारा ताला लगाने को कहा गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts