कार की मांग बनी नवविवाहिता की मौत की वजह! चावल में जहर देने का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार
मेरठ के कसेरू बक्सर में दहेज हत्या का मामला, मायके पक्ष की तहरीर पर पांच के खिलाफ मुकदमा
मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरू बक्सर में कार की कथित दहेज मांग को लेकर नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर चावल में जहर मिलाकर खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार भावनपुर थाना क्षेत्र के छोटा हसनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय काजल की शादी 22 फरवरी को कसेरू बक्सर निवासी अक्षय कुमार से हुई थी। अक्षय नगर निगम में निजी नौकरी करता है। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी में बाइक समेत अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार कार की मांग कर रहे थे। इसी को लेकर काजल के साथ मारपीट और उत्पीड़न किया जाता था।
चावल में सल्फास मिलाने का आरोप
आरोप है कि शुक्रवार शाम काजल को चावल में सल्फास मिलाकर दिया गया। तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे एप्सानोवा अस्पताल ले गए। शाम करीब साढ़े सात बजे पति अक्षय ने मायके वालों को फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे। मायके पक्ष के मुताबिक, होश में आने पर काजल ने चावल में जहर मिलाकर खिलाने की बात बताई। देर रात करीब साढ़े 12 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता अनीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पति अक्षय कुमार, सास राजकुमारी देवी, देवर सागर कुमार, ननद मीनू कुमारी और ससुर राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने पति अक्षय, उसकी मां राजकुमारी, बहन मीनू और देवर सागर को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सदर देहात सुधीर कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

No comments:
Post a Comment