आवासीय स्कूलों के बच्चों ने किया नमो भारत का सफर

‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत विद्यार्थियों को आधुनिक परिवहन और साफ-सफाई के प्रति किया जागरूक

मेरठ। एनसीआरटीसी की ओर से मेरठ के विहान बालिका और विहान बालक आवासीय विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के लिए विशेष शैक्षिक यात्रा आयोजित की गई। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन से परिचित कराने के साथ स्वच्छता को दैनिक व्यवहार और व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों ने बेगमपुल नमो भारत स्टेशन का दौरा किया और ट्रेन में यात्रा का अनुभव लिया। इस दौरान उन्हें नमो भारत की विशेषताओं, आधुनिक तकनीक और परिचालन व्यवस्था की जानकारी दी गई। 160 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति, वातानुकूलित कोच और आधुनिक यात्री सुविधाओं को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। विद्यार्थियों ने नमो भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित मेरठ मेट्रो में भी यात्रा की और एक ही स्टेशन से क्षेत्रीय व स्थानीय परिवहन की सुविधा को समझा।

यात्रा के दौरान नमो भारत पर विशेष क्विज का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों को सार्वजनिक परिवहन में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एनसीआरटीसी की पहल की जानकारी दी गई। उन्होंने स्वच्छता की शपथ लेकर सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं दर्ज हो चुकी हैं। हाल ही में कॉरिडोर पर 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के साथ सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप भी दर्ज की गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts