स्वागत की तैयारियां रह गईं धरी, सिवाया टोल से बिना रुके निकला नितिन नवीन का काफिला

जेसीबी, ट्रैक्टर और पोकलेन से पुष्पवर्षा की थी तैयारी, ढोल-नगाड़ों के साथ इंतजार करते रह गए भाजपा नेता और कार्यकर्ता

मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मेरठ के मोदीपुरम स्थित सिवाया टोल प्लाजा पहुंचने पर स्वागत के लिए की गईं तैयारियां मंगलवार सुबह धरी रह गईं। टोल प्लाजा को सजाने के साथ बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। हालांकि नितिन नवीन का काफिला टोल पर बिना रुके सहारनपुर की ओर रवाना हो गया।

जेसीबी-पोकलेन से होनी थी पुष्पवर्षा

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए टोल प्लाजा पर जेसीबी, ट्रैक्टर और पोकलेन खड़ी की गई थीं। इन मशीनों के जरिए काफिले पर पुष्पवर्षा की तैयारी थी। कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि नितिन नवीन कुछ देर रुककर उनका अभिवादन स्वीकार करेंगे।

लेकिन जैसे ही काफिला सिवाया टोल प्लाजा पहुंचा, वह बिना रुके आगे निकल गया। नितिन नवीन वाहन से भी नहीं उतरे। ऐसे में स्वागत के लिए तैयार नेता और कार्यकर्ता देखते रह गए और पुष्पवर्षा की तैयारी भी धरी रह गई। ढोल-नगाड़े बजते रहे, लेकिन स्वागत का मौका नहीं मिल सका।

काफिले के बाद टोल पर बढ़ा वाहनों का दबाव

काफिले के निकलने के बाद टोल प्लाजा पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कुछ देर के लिए जाम जैसे हालात बने, जिसे नियंत्रित करने में पुलिसकर्मी जुटे रहे।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वीरपाल, पूर्व विधायक संगीत सोम, देवेंद्र गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, जिला अध्यक्ष अनुज राठी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विमल शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह, महामंत्री समीर चौहान, क्षेत्रीय मंत्री अजय भारद्वाज भराला, सत्येंद्र भराला, मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान और रवि चौधरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts