स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्रों तक समयबद्ध पहुंचाएं : डीएम
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीएचसी-पीएचसी की व्यवस्थाओं की समीक्षा, लापरवाही पर एआरओ का वेतन रोका
मेरठ। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें पिछली बैठक की अनुपालन आख्या के साथ स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी की सीएमओ कार्यालय स्तर से नियमित मॉनिटरिंग की जाए। स्वास्थ्य योजनाओं की लगातार समीक्षा करते हुए पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। कार्य में लापरवाही पर उन्होंने सभी एआरओ का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सीएचसी, पीएचसी और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, भोजन और उपचार की गुणवत्ता समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों और लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना का शत-प्रतिशत भुगतान
डीएम ने जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का भुगतान भी समय से कराने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित समयावधि में पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर
आयुष्मान भारत योजना के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति और पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नई गाइडलाइन के अनुसार अस्पतालों की सूचीबद्धता और पात्रता की जांच कर शासनादेश के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बिल भुगतान, उपकरण खरीद, यूनिसेफ, एंबुलेंस, डब्ल्यूएचओ और यूएनडीपी से संबंधित प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अंगदान और नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment