स्कूल में गैरहाजिर मिले शिक्षक तो होगी कार्रवाई

डीएम का सख्त निर्देश: औचक निरीक्षण में अनुपस्थिति पर कार्रवाई, 15 अक्टूबर तक आदर्श विद्यालय तैयार करने का लक्ष्य

मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और पठन-पाठन की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने औचक निरीक्षण कर स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और निर्धारित समय से पहले विद्यालय बंद नहीं होने देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समयावधि में कोई शिक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित मिलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और अगली समीक्षा बैठक में इसकी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। ऑपरेशन कायाकल्प के अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को संयुक्त जिम्मेदारी दी गई है।

डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दो दिन में विद्यालयवार जरूरतों की सूची खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वर्ष 2025-26 में चयनित मॉडल विद्यालयों में डिजिटल गेट, स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, टाइलीकरण, रसोईघर, लाइब्रेरी और झूलों समेत अधूरे कार्य पूरे कराने को कहा।

15 अक्टूबर तक आदर्श विद्यालय विकसित करने का लक्ष्य तय करते हुए डीएम ने विभागीय बजट के साथ अन्य विभागों के उपलब्ध संसाधनों का भी समन्वित उपयोग करने के निर्देश दिए। प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान का अभ्यास कराने और विद्यालय विकास की पाक्षिक समीक्षा कराने को भी कहा गया।

बैठक में सीडीओ, सीएमओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत सभी खंड विकास अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts