पुलिस लाइन में पहुंचा ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’, 45 लोगों की हुई जांच

आयुष्मान कार्ड बनाकर दी योजना की जानकारी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

मेरठ। सेवा संकल्प अभियान ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ के तहत पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिस लाइन क्षेत्र और आसपास के नागरिकों को नजदीक ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में कुल 45 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 44 लोगों का ब्लड प्रेशर और 29 लोगों का ब्लड शुगर जांचा गया। इसके साथ ही 10 लोगों को आभा कार्ड से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के पात्र लाभार्थियों को आमंत्रित कर दो आयुष्मान कार्ड बनाए गए और उन्हें आयुष्मान भारत योजना के लाभों की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया। साथ ही पात्र लोगों को टीकाकरण के लिए भी प्रेरित किया गया। शिविर के आयोजन में मंडल अध्यक्ष अनुराग तथा पुलिस लाइन क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

कैंप के बाद स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण

स्वास्थ्य शिविर के बाद कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, विभिन्न कक्षों में संचालित सुविधाओं और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पतालों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। अभियान के तहत ‘हर घर तक स्वास्थ्य, हर परिवार तक स्वास्थ्य सेवा’ का संदेश दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts