कैंटर में छिपाकर ले जा रहे थे 390 पेटी शराब, मेरठ में तस्करी का खुलासा
रोहटा फ्लाईओवर के पास कंकरखेड़ा पुलिस ने पकड़ी खेप, पंजाब का चालक गिरफ्तार; चंडीगढ़ से बिहार जा रही थी शराब
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रोहटा फ्लाईओवर के पास एक कैंटर से 390 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी कैंटर चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अनुमन्य थी और उसे बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर को खड़ौली बाईपास पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से विदेशी शराब की 390 पेटियां बरामद हुईं। गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फिरोजपुर निवासी करीब 36 वर्षीय जोगिन्दर सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि उसे चंडीगढ़ से बिहार शराब पहुंचाने के लिए 80 हजार रुपये भाड़ा देने की बात कही गई थी। उसके अनुसार एक व्यक्ति ने इंटरनेट कॉलिंग नंबर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया था। चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर उसे शराब से भरा कैंटर सौंपा गया और बिहार के गया पहुंचने पर रिसीवर की जानकारी देने की बात कही गई थी।
पुलिस अब शराब की खेप तैयार कराने वाले और बिहार में इसे रिसीव करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कंकरखेड़ा पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 726/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 के तहत कार्रवाई शुरू की है।

No comments:
Post a Comment