गुजरात में 4 राजनीतिक दलों पर 2284 करोड़ के फर्जी चंदे का आरोप

CID क्राइम की EOW ने दर्ज की चार FIR; आयकर विभाग की शिकायत पर कार्रवाई, 700 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी का भी आरोप

गांधीनगर। गुजरात पुलिस की CID क्राइम की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने आयकर विभाग की शिकायतों के आधार पर चार गैर-मान्यता प्राप्त पंजीकृत राजनीतिक दलों (RUPPs) के खिलाफ कथित फर्जी राजनीतिक चंदे और टैक्स चोरी के मामले में चार FIR दर्ज की हैं। FIR में करीब 2,284 करोड़ रुपये के संदिग्ध चंदे और 700 करोड़ रुपये से अधिक की कथित टैक्स चोरी का उल्लेख है। पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और दस्तावेजों की जालसाजी से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की है।

बैंकिंग चैनल से चंदा, फिर नकद वापसी का आरोप

आयकर विभाग की शिकायतों के मुताबिक कथित तौर पर इन दलों ने वास्तविक राजनीतिक गतिविधियों के बजाय बैंक खातों के जरिए चंदा लिया। दानदाताओं को 80GGB/80GGC के तहत टैक्स लाभ के लिए रसीदें देने का आरोप है। इसके बाद फर्जी बिलों, खर्चों और कथित शेल कंपनियों के खातों के जरिए रकम निकालकर कमीशन काटने के बाद दानदाताओं को नकद लौटाने की बात FIR में कही गई है।

BNJD पर 1143.85 करोड़ के चंदे का आरोप

भारतीय नेशनल जनता दल (BNJD) के खिलाफ दर्ज FIR में वर्ष 2019-20 से 2024-25 के बीच करीब 56,238 दाताओं से 1,143.85 करोड़ रुपये का चंदा लेने का आरोप है। आयकर विभाग ने इससे करीब 343 करोड़ रुपये के टैक्स नुकसान का अनुमान लगाया है। FIR में पार्टी अध्यक्ष सुरेंद्रकुमार विष्णुभाई गजेरा, महासचिव विपुल सोलंकी, कोषाध्यक्ष रौनकसिंह चावड़ा और CA आदिल सैयद को आरोपी बनाया गया है।

शिकायत के अनुसार रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई और इसके बदले कथित तौर पर फर्जी डोनेशन रसीदें जारी की गईं। बाद में रकम को कुछ कारोबारी खातों में ट्रांसफर कर फर्जी खरीद-बिक्री के बिल तैयार करने और नकद निकालने का आरोप है।

गरीब कल्याण पार्टी पर 206.76 करोड़ का मामला

गरीब कल्याण पार्टी (GKP) के खिलाफ FIR में वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच 206.76 करोड़ रुपये का चंदा लेने और करीब 62.02 करोड़ रुपये के टैक्स नुकसान का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि पार्टी के खातों में आई रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर कथित तौर पर फर्जी बिलों के जरिए नकदी में बदला गया और 5 से 7 प्रतिशत कमीशन काटकर रकम दानदाताओं को लौटाई गई।

स्वतंत्रता अभिव्यक्ति पार्टी पर 519 करोड़ का आरोप

स्वतंत्रता अभिव्यक्ति पार्टी (SAP) के खिलाफ दर्ज FIR में वर्ष 2023-24 और 2024-25 में करीब 519 करोड़ रुपये का चंदा लेने का आरोप है। आयकर विभाग के मुताबिक इससे करीब 155 करोड़ रुपये के टैक्स नुकसान का अनुमान है। शिकायत में 8 से 9 प्रतिशत कमीशन काटकर बाकी रकम दानदाताओं को नकद लौटाने का आरोप लगाया गया है।

चौथी FIR सत्यवादी रक्षक पार्टी के खिलाफ

सत्यवादी रक्षक पार्टी (SRP) के खिलाफ दर्ज चौथी FIR में करीब 415 करोड़ रुपये के कथित फर्जी चंदे और लगभग 124 करोड़ रुपये के टैक्स नुकसान का उल्लेख है। इस मामले में पार्टी पदाधिकारियों और संबंधित अकाउंटेंट/CA की भूमिका की जांच की जा रही है।

जांच में सामने आए दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य

आयकर विभाग की शिकायतों में मोबाइल, लैपटॉप, बैंक लेनदेन, कथित फर्जी बिल, डोनेशन रसीदों और अन्य दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है। कुछ मामलों में हवाला/आंगड़िया नेटवर्क के जरिए नकद वापसी के आरोप भी लगाए गए हैं। CID क्राइम की EOW अब FIR में दर्ज आरोपों और संबंधित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts