विकासपुरी थाने पर AAP का हंगामा, सौरभ भारद्वाज समेत कई नेता हिरासत में
मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR की मांग को लेकर प्रदर्शन; पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने के आरोप को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने विकासपुरी थाने पर प्रदर्शन किया। AAP प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और कुलदीप कुमार समेत कई नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे और मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
FIR की मांग को लेकर थाने पहुंचे नेता
AAP का कहना है कि सड़क निरीक्षण के दौरान हुए कथित थप्पड़ कांड को लेकर युवक साहेब सिंह ने पुलिस में शिकायत दी थी। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि शिकायत और वीडियो सामने होने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। इसके विरोध में सौरभ भारद्वाज समेत पार्टी के नेता विकासपुरी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कई नेताओं को लिया हिरासत में
प्रदर्शन के बाद AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने DCP कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। AAP ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंत्री के खिलाफ शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय प्रदर्शन कर रहे नेताओं को हिरासत में लिया गया।
मामले में पांच शिकायतें मिलीं
दिल्ली पुलिस के मुताबिक तिलक नगर-विकासपुरी विवाद से संबंधित पांच शिकायतें मिली हैं। इनमें थप्पड़ मामले से जुड़े युवक साहेब सिंह की शिकायत, PWD कर्मचारियों की ओर से जरनैल सिंह और अन्य के खिलाफ दो शिकायतें तथा मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की दो शिकायतें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी शिकायतों की जांच की जा रही है।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ था विवाद
विवाद की शुरुआत नई बनी सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुई थी। AAP विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। इसी दौरान सामने आए वीडियो में प्रवेश वर्मा एक युवक के मोबाइल की ओर हाथ बढ़ाते और उसके बाद उसे थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं। प्रवेश वर्मा ने अपनी ओर से सफाई देते हुए मौके पर AAP कार्यकर्ताओं द्वारा उनके परिवार के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment