अपना दल (एस) ने 2028 की तैयारी तेज की, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र-12 में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन

भोपाल, 28 सितंबर। अपना दल (एस) मध्य प्रदेश ने संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को डॉ. सोनेलाल पटेल स्मृति ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र-12 का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेशभर के जिलाध्यक्षों, नव-नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण सत्र में संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई।

सामाजिक न्याय की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

मुख्य वक्ता एवं पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र पाल ने संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की सामाजिक न्याय की अवधारणा पर विचार रखे। उन्होंने पदाधिकारियों से इस विचारधारा को गांव, पंचायत, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को समझकर निरंतर संवाद जरूरी है।

जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में गतिविधियां बढ़ाने की अपील

राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने प्रदेश संगठन की गतिविधियों और पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नियमित जनसंपर्क, सक्रिय कार्यकर्ता नेटवर्क और बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार करने पर जोर दिया। उनके अनुसार पार्टी की गतिविधियों को प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है।

मजबूत संगठनात्मक ढांचे पर रणनीति

राष्ट्रीय सचिव काकला प्रसाद ने संगठन को राजनीतिक रूप से मजबूत करने और सत्ता में भागीदारी के लक्ष्य को लेकर रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने मजबूत संगठनात्मक ढांचे, अनुशासित कार्यकर्ताओं, निरंतर जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दों की समझ को आवश्यक बताया।

राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संगठन विस्तार की कार्ययोजना और दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, सदस्यता अभियान को डेटा आधारित तरीके से आगे बढ़ाने और नियमित समीक्षा पर जोर दिया।

सदस्यता अभियान तेज करने का आह्वान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को गति देने की अपील की। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को प्राथमिकता बताया।

प्रशिक्षण सत्र में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जिला स्तर की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर पदाधिकारियों के बीच संवाद हुआ। समापन पर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts