यमुना में नहाने के लिए कूदे छह किशोर डूबे
- दो की उपचार के दौरान मौत, एक की तलाश जारी
आगरा (एजेंसी)।आगरा के बल्केश्वर घाट पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। भीषण गर्मी में यमुना में डुबकी लगाने उतरे छह किशोर अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पांच किशोरों को यमुना से बाहर निकाल लिया गया। इनमें से तीन किशोरों की हालत गंभीर बताई गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार के दौरान दो किशोर महक और कान्हा की मौत हो गई। वहीं तीसरे का उपचार जारी है। वहीं दो अन्य किशोरों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं यमुना में अभी भी छठवें किशोर की तलाश जारी है। गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि बल्केश्वर घाट पर छह किशोर नहाने के दौरान डूब गए थे। इनमें से पांच को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक किशोर की तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि यमुना से निकाले गए किशोर और किशोरियों में से तीन की हालत नाजुक थी, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल ही एसएन अस्पताल की इमरजेंसी भेजा गया। यहां उपचार के दौरान एक किशोर कान्हा और किशोरी महक ने दम तोड़ दिया। तीसरे का उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी किशोर आसपास के इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं और गर्मी के चलते यमुना में नहाने पहुंचे थे।


No comments:
Post a Comment