नीट 2026 परीक्षा रद, सीबीआई करेगी जांच

 दोबरा परीक्षा होने पर नहीं देनी पड़ेगी फीस
नई दिल्ली (एजेंसी)।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने भारत सरकार की मंजूरी से, 3 मई 2026 को आयोजित नीट 2026 की परीक्षा को रद करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट (यूजी) परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी। नई परीक्षा की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।
जानकारी के अनुसार पेपर लीक मामले की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपा जाएगा, ताकि इसमें लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा सके। इस जांच में एनटीए, सीबीआई को पूरा सहयोग करेगी और जांच के लिए जरूरी सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता उपलब्ध कराएगी।
वहीं, दुबारा परीक्षा के लिए किसी भी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, और न ही कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा, जो शुल्क पहले जमा किया जा चुका है, वह छात्रों को वापस कर दिया जाएगा
इस बार परीक्षा एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके दोबारा आयोजित करेगी। इसके अलावा दुबारा होने वाली परीक्षा को लेकर आगे की सूचनाएं, आने वाले दिनों में आधिकारिक माध्यमों से जारी किए जाएंगे।

अब तक 45 से ज्यादा लोग हिरासत में
नीट पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। कल सोमवार तक इस मामले में 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।
एडिशनल डीजीपी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया था कि, जांचकर्ताओं को परीक्षा से कुछ दिन पहले प्रसारित किए गए 400 से अधिक प्रश्नों का एक सेट मिला है, जिनमें से 100 से अधिक जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान के प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी मिलते-जुलते हैं।

छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
एनटीए ने छात्रों के लिए एक ई-मेल (neet-ug@nta.ac.in) और दो हेल्पलाइन नंबर 011-40759000/011-69227700 भी जारी किए है। जिसकी मदद से छात्र परीक्षा को लेकर अधिक जानकारी ले सकते है।

मालूम हो कि, नीट यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर करवाया गया था। इसमें 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को राजस्थान और उत्तराखंड से पेपर लीक को लेकर सूचना मिली थी। जो कथित तौर पर वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते थे। इसके बाद राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह ने नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू की थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts