नीट यूजी परीक्षा की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को होगा एग्जाम
नई दिल्ली। मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET-UG के लिए परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यह परीक्षा अब 21 जून को आयोजित कराई जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई NEET परीक्षा को पेपर लीक की वजह से रद्द कर दिया गया था। पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद NEET-UG 2026 की फिर से परीक्षा कराने के लिए 21 जून 2026 (रविवार) तय की है। एनटीए ने कहा कि परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे सिर्फ NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें. इसके लिए एजेंसी ने ई-मेल आईडी (neet-ug@nta.ac.in) या फिर 011-40759000, 011-69227700 पर संपर्क करने के लिए कहा है।
इससे पहले कल गुरुवार को फिर से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) परीक्षा आयोजित करने की तैयारियों की समीक्षा के लिए देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक में मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के संचालन से संबंधित अलग-अलग पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (विद्यालय शिक्षा) संजय कुमार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई के अध्यक्ष और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के आयुक्तों के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।यह अहम बैठक एनटीए की ओर से परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के आरोपों के बाद तीन मई की परीक्षा को रद्द करने की घोषणा किए जाने के बाद हुई है.


No comments:
Post a Comment