ज्वैलर्स के अकाउंटेंट ने किया लाखों का गबन
टैक्स के नाम पर 25 लाख रुपए पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए
मेरठ। सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वैलर्स प्रतिष्ठान में लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। फर्म के अकाउंटेंट पर आरोप है कि उसने कंपनी के खाते से 25.18 लाख रुपये निकालकर अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। यह खुलासा तब हुआ जब प्रबंधन ने बैंक लेनदेन की जांच की।
जोधामल कैलाश चंद ज्वैलर्स के प्रबंधक आकाश जैन ने बताया कि फर्म में कार्यरत अकाउंटेंट नितिन शर्मा नकदी, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और बैंक खातों के संचालन के लिए जिम्मेदार था। हाल ही में एचडीएफसी बैंक खाते का मिलान करते समय पता चला कि 25,18,240 रुपये एक निजी खाते में भेजे गए हैं। लेखा विवरण में इस रकम को टैक्स भुगतान दर्शाया गया था, लेकिन जांच में यह धनराशि नितिन शर्मा की पत्नी शताब्दी शर्मा के खाते में ट्रांसफर हुई पाई गई।
प्रबंधन द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी नितिन शर्मा ने कथित तौर पर अपनी गलती स्वीकार कर ली थी और रकम लौटाने का आश्वासन भी दिया था। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बावजूद पैसा वापस नहीं किया गया। फर्म ने यह भी आरोप लगाया है कि इस गबन में आरोपी के परिजन भी किसी न किसी रूप में शामिल हो सकते हैं।
इस संबंध में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है। अकाउंटेंट नितिन शर्मा समेत कई नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों के लेनदेन की विस्तृत जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment