जीएसटी व कस्टम टीम का मवाना में  सीमेंट कारोबारी के घर व फैक्ट्री पर छापा

 जीएसटी चोरी की शिकायत के बाद विभागों ने की कार्रवाई 

 मेरठ। मवाना में टैक्स चोरी की शिकायत के बाद केंद्रीय जीएसटी व कस्टम विभाग की टीम ने बुधवार को  सीमेंट व कॉस्मेटिक कारोबार से जुड़े व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम को कई अहम दस्तावेजों की जांच करनी पड़ी, जबकि छापेमारी से पहले ही कारोबारी घर व फैक्ट्री पर ताला लगाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार केंद्रीय जीएसटी व कस्टम विभाग की 16 सदस्यीय टीम, असिस्टेंट कमिश्नर अमित विश्वकर्मा के नेतृत्व में दो भागों में बंटी। एक टीम ने मवाना के मेरठ रोड स्थित उत्सव मंडप के पीछे भरत एन्क्लेव कॉलोनी में शिवम गुप्ता, रविश गुप्ता एवं उनके भतीजे राहुल गुप्ता के आवास पर छापा मारा, जबकि दूसरी टीम ने ग्राम राफन भैंसा मार्ग पर स्थित सीमेंट फैक्ट्री पर एक साथ कार्रवाई की।

बताया गया कि जीएसटी टीम के पहुंचने से पहले ही रविश गुप्ता व राहुल गुप्ता अपने घर और फैक्ट्री पर ताला लगाकर परिवार सहित फरार हो गए। इसके बाद टीम ने करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद पड़ोसियों के माध्यम से घर की चाबी मंगवाकर ताला खुलवाया। परिवार के एक सदस्य की मौजूदगी में घर में रखे कॉस्मेटिक सामान तथा उनसे संबंधित टैक्स दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

सूत्रों के अनुसार दोनों कारोबारी लंबे समय से राफन भैंसा मार्ग पर स्थित सीमेंट फैक्ट्री का संचालन कर रहे हैं, जहां चोरी का सीमेंट खरीदकर उसमें मिलावटी पत्थर मिलाकर जीएसटी की चोरी करते हुए बाजार में बेचा जा रहा था। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी थीं, लेकिन जांच से पूर्व ही कथित रूप से फैक्ट्री से अवैध सामग्री हटा दी जाती थी।

बुधवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने दोपहर करीब तीन बजे एक साथ छापेमारी शुरू की। समाचार लिखे जाने तक दोनों कारोबारी फरार थे और जीएसटी विभाग की जांच व छापेमारी की कार्रवाई जारी थी।

छापेमारी की सूचना नगर में फैलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठानों पर ताले डाल दिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts