स्कूल पर कब्जे को लेकर
विवाद
ट्रस्ट कोषाध्यक्ष को सहोदय पदाधिकारी ने लात मारी, दोनों पक्ष आमने-सामने
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है। सत्यकाम एजुकेशनल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अमित शर्मा ने आरोप लगाया है कि 28 तारीख को जब वह स्कूल पहुंचे, तो दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों और बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्हें धक्का देकर गिराया गया, कपड़े फाड़े गए, लात मारी गई और घसीटते हुए स्कूल गेट के बाहर निकाल दिया गया। इस दौरान उनकी गाड़ी से कीमती सामान और पासपोर्ट भी लूट लिए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अमित शर्मा के मुताबिक, अनुज शर्मा पक्ष से जुड़े बाउंसर पहले से ही स्कूल परिसर में मौजूद थे। जैसे ही वह परिसर में दाखिल हुए, उन्हें रोका गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में अमित शर्मा को “हेल्प-हेल्प” चिल्लाते हुए सुना जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहोदय से जुड़े अजीत चौधरी ने भी मौके पर उन्हें लात मारी। हालांकि, बाद में अजीत चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया।
शनिवार को ओलिविया में आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट अध्यक्ष गिरीश कुमार शर्मा, राहुल शर्मा और अमित शर्मा ने दावा किया कि अनुज शर्मा को पहले ही ट्रस्ट से निष्कासित किया जा चुका है। उनका आरोप है कि अनुज शर्मा ने कोर्ट में कथित रूप से गलत दस्तावेज पेश कर यथास्थिति बनाए रखने का स्टे हासिल किया है, जबकि यह स्टे किसी प्रकार का कब्जे का अधिकार नहीं देता।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि राहुल केसरवानी और कुछ अन्य लोग जबरन स्कूल पर कब्जा किए हुए हैं, जिससे ट्रस्ट के वैध सदस्यों को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। अमित शर्मा ने कहा कि इस विवाद से सहोदय का कोई संबंध नहीं है, इसके बावजूद उसके कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता कथित लालच के चलते मामले में हस्तक्षेप कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अमित शर्मा पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।वहीं, अजीत चौधरी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी को लात नहीं मारी। उनका कहना है कि वह सिर्फ गेट का कुंडा ठीक कर रहे थे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे।स्कूल प्रबंधन से जुड़ा यह विवाद अब खुली जंग का रूप लेता नजर आ रहा है, जिस पर पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है।


No comments:
Post a Comment