क्रिसमस पर चर्च पहुंचे पीएम मोदी
प्रार्थना सभा में हुए शामिल, दी शुभकामनाएंनई दिल्ली (एजेंसी)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को क्रिसमस के मौके पर दिल्ली और उत्तर भारत के बड़ी संख्या में ईसाई लोगों के साथ दिल्ली के द कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया। कैथेड्रल चर्च अपने खूबसूरत आर्किटेक्चर के लिए जाना जाता है।
दरअसल, इस प्रार्थना सभा में प्रार्थनाएं, कैरोल, भजन और दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड पॉल स्वरूप द्वारा प्रधान मंत्री के लिए एक विशेष प्रार्थना शामिल थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी। पीएम मोदी ने लिखा कि दिल्ली में द कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। इस प्रार्थना सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका। क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सद्भावना को प्रेरित करे।
बिशप पॉल स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं किया गया था। प्रधानमंत्री बहुत शांति के साथ आए। वो आम लोगों की तरह ही आए और प्रार्थना में शामिल हुए। इसके बाद कैरल्स में भी शामिल हुए। उस वक्त दो कैरल्स हिंदी में गाए गए, इस दौरान पीएम मोदी ने भी गाया।
पीएम मोदी ने एक दूसरी पोस्ट में चर्च जाने का वीडियो शेयर किया है। इसमें लिखा- क्रिसमस नई आशा, स्नेह और दयालुता के प्रति साझा प्रतिबद्धता लेकर आए। प्रधानमंत्री मोदी पहली बार चर्च नहीं पहुंचे हैं। इससे पहले भी वे चर्च जा चुके हैं।


No comments:
Post a Comment