जयंत की मैंगो पार्टी में आम की लूट

जेबों में आम भरकर भागे रालोद कार्यकर्ता, मंत्रियों को मिले एक-एक आम

मेरठ।  रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी की मैंगो पार्टी में आम की लूट मच गई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जयंत चौधरी के लिए कार्यकर्ताओं ने मैंगो पार्टी का आयोजन किया था। जैसे ही दोनों मंत्री पावली खास गांव में मैंगो पार्टी में पहुंचे, तो उन्हें देखते ही कार्यकर्ता आमों पर टूट पड़े।

कार्यकर्ता दोनों हाथों में आम उठाकर भागने लगे। युवा ही नहीं, मैंगो पार्टी में पहुंचे बच्चे और बुजुर्ग भी आम पर टूट पड़े। व्यवस्था इतनी बिगड़ गई कि दोनों मंत्री केवल एक-एक आम खाकर ही उठ गए और चलते बने।



रालोद के प्रदेश संयोजक ने की थी मैंगो पार्टी

मेरठ में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी को आना था। दोनों सरदार बल्लभभाई पटेल कृषि यूनिवर्सिटी में किसानों को संबोधित करने पहुंचे थे। इस मीटिंग के बाद दोनों मंत्रियों को कंकरखेड़ा के पावली खास में मैंगो पार्टी में जाना था। रालोद के प्रदेश संयोजक और मीडिया प्रभारी सुनील रोहटा ने अपने बाग में इस मैंगो पार्टी का आयोजन किया था।

कार्यकर्ता मंत्रियों के सामने ही पेटियों पर झपट पड़े

पार्टी में भाजपा नेताओं सहित रालोद के नेता पहुंचे थे। मंत्री अनिल कुमार, भाजपा के पूर्व एमएलसी अश्विनी त्यागी सहित अन्य बड़े चेहरे भी मौजूद थे। यहां दोनों मंत्रियों के लिए मैंगो पार्टी का इंतजाम किया गया था। दोनों अतिथि कार्यक्रम में पहुंचे। उनके लिए आम खाने की व्यवस्था की जा रही थी। इसी बीच कार्यकर्ताओं के सब्र का बांध टूट गया।आम पाने के लिए वो पेटियों पर झपट पड़े। जिसके हाथ में जितने आम आ सके, उसने बटोर लिए। कुछ तो ऐसे भी थे, जो कुर्ते की जेब में भी आम भरकर ले गए। इस छीना-झपटी में कई लोग तो वहां गिर भी पड़े। लोगों ने डोंगे भी पलट दिए। मंत्रियों को बमुश्किल एक-एक आम मिल पाया।

चार तरह के आम सजाए गए थे

धर्मेंद्र प्रधान और जयंत चौधरी की इस मैंगो पार्टी के लिए 4 वैराइटी के आम रखे गए थे। इनमें रटौल, दशहरी, लंगड़ा और गुलाब जामुन आमों को डोंगों में सजाकर मेजों पर रखा गया था। बाग के अलावा खेतों में गोल मेज लगवाकर बर्फ के पानी में आम डाले गए थे।पहले से ही लोग मंत्रियों के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दोनों मंत्री महफिल में पहुंचे, लोगों ने उन्हें घेर लिया। पहले सेल्फी की होड़ मच गई। थोड़ी देर में जब आम के डोंगे खुले, तो कार्यकर्ता आमों पर टूट पड़े। जहां वीआईपी अरेजमेंट था, वहां भी कार्यकर्ता घुसने लगे। किसी तरह उन्हें बाहर किया गया। फिर दोनों मंत्रियों के लिए आम सर्व किए गए।

धर्मेंद्र प्रधान ने लंगड़ा और जयंत ने खाया दशहरी आम

मैंगो पार्टी में धर्मेंद्र प्रधान ने लंगड़ा आम प्रिफर किया। जब कार्यकर्ता उनको आम सर्व करने लगे तो पहले उन्होंने आमों की किस्म के बारे में पूछा। फिर कहा कि मैं तो लंगड़ा आम ही खाऊंगा। जयंत चौधरी ने दशहरी आम खाया। दोनों मंत्रियों ने आम के साथ दूध भी पिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts