कांग्रेस ने यूपी सरकार और मेरठ प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
कांवड़ यात्रा और जनहित के मुद्दों को लेकर घेरा
मेरठ। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, पूर्व अध्यक्ष जाहिद अंसारी, प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर, सलीम खान समेत अन्य नेताओं ने आज पत्रकार वार्ता के माध्यम से प्रदेश सरकार और मेरठ प्रशासन की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई और गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जनपद में आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इन्हें उठाने की कोशिशों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह से जनहित के मुद्दों पर चर्चा हेतु समय मांगा था, लेकिन उन्हें कोई समय नहीं दिया गया, जो लोकतांत्रिक संवाद की अनदेखी है।कांग्रेस नेताओं ने निम्नलिखित मुद्दों पर प्रशासन को घेरा। आगामी कांवड़ यात्रा में शिव भक्त कावड़ियों की सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भारी चिंताएं हैं। कांग्रेस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।नगर निगम द्वारा जीआरएस सर्वे के तहत मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर भारी हाउस टैक्स बढ़ाने को कांग्रेस ने जनविरोधी और आर्थिक अत्याचार करार दिया है। इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।मेरठ प्रशासन द्वारा रात 11 बजे बाजार बंद कराने का निर्णय व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए असुविधाजनक है। यह शहर की अर्थव्यवस्था और छोटे व्यापारियों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। कांग्रेस इसे तत्काल रद्द करने की मांग करती है।
बरसात से पहले नालों की सफाई न होना
समय रहते नालों की सफाई न होने से शहर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है, जिससे नागरिकों को बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस इसे नगर निगम की घोर लापरवाही मानती है।
अतिक्रमण के नाम पर छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों का उत्पीड़न
बिना वैकल्पिक व्यवस्था के इन कार्यवाहियों को कांग्रेस ने अमानवीय और अन्यायपूर्ण बताया है, क्योंकि इससे रोज़ी-रोटी चलाने वालों को भारी परेशानी हो रही है।
निजी स्कूलों द्वारा गरीब बच्चों को दाखिला न देना – RTE का उल्लंघन
शिक्षा के अधिकार कानून (RTE) के तहत गरीब बच्चों को दाखिला देना अनिवार्य है, लेकिन निजी स्कूलों द्वारा इस कानून का उल्लंघन किया जा रहा है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने का विरोध
यूपी सरकार द्वारा हजारों सरकारी स्कूल बंद या मर्ज करने की योजना पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। इसे गरीब बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ माना गया है।
रंजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन सभी मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। यदि प्रशासन जनभावनाओं को अनदेखा करता रहा, तो कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
पत्रकार वार्ता में राकेश मिश्रा, सलीम पठान, रीना शर्मा, पारुल गुप्ता, के.डी. शर्मा, पीयूष रस्तोगी, मतीन अंसारी, हाशिम अंसारी, कुशांत शर्मा, सुएब साबरी आदि मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment