जागरूकता से ही मलेरिया पर पाया जा सकता है काबू

मच्छर जनित बीमारियों के प्रति‘एंबेड’ ने किया संवेदीकरण
 मेरठ, 29 दिसंबर 2022। बिना टीके के मच्छर जनित बीमारियों से किस प्रकार से बचा जा सकता है। इसको लेकर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पुलिस लाइन पर गोदरेज- फैमिली हेल्थ इंडिया के प्रोजेक्ट एंबेड के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला मलेरिया अधिकारी सत्य प्रकाश, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। कार्यशाला में एंबेड की ओर बताया गया कि किस प्रकार जागरूकता से मलेरिया व डेंगू से बचाव किया जा सकता है।
 जिला मलेरिया अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया -  सामाजिक संस्था-गोदरेज फैमिली हेल्थ इंडिया एंबेड मच्छर जनित बीमारियों के उन्मूलन के लिए परियोजना चला रही है।इसके तहत मच्छर जनित बीमारियों से बचने के लिये प्रचार प्रसार किया जा रहा है। संस्था का यह कार्यक्रम शहर की 200 मलिन बस्तियों में चल रहा है। मच्छर जनित बीमारियों से किस प्रकार से बचा सकता है, इसके बारे में संस्था के कार्यकर्ता बता रहे है।डेंगू व मलेरिया गंदगी से फैलता है। इससे बचने के लिए अपने घर के अंदर व बाहर पानी को एकत्र न होने दें। नाली में मिट्टी का तेल डालें। कटे हुए फलों को ढककर रखे। साफ सफाई रखें। हाथों को पानी से साफ रखें।संस्था अभी तक 90 मलिन बस्तियों में जागरूकता अभियान चला चुकी है।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डा अंकुर त्यागी ने बताया - संगठन का यह कार्य सराहनीय है। मच्छर जनित बीमारियों को लेकर लोगों का जागरूक होना जरूरी है। इस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में चलाने का प्रयास किया जाएगा।
 संस्था के जिला समन्वयक संजय कुमार यादव ने बताया- संस्था ने मेरठ में अपना कार्य अक्टूबर माह में आरंभ किया है। संस्था पहले से प्रदेश के आठ शहरों- लखनऊ, कानपुर,बरेली ,बदायूं, सोनभद्र , मिर्जापुर, आगरा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा- मध्यम वर्ग तो बीमारियों के प्रति काफी जागरूक है, लेकिन मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों में अभी जागरूकता की कमी है। शहर की 200 मलिन बस्तियों में व्यवहार परिवर्तन जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संस्था बीसीसीएफ (बिहेवियर चेंज कम्युनिकेशन फेसिलेटर) का कार्य कर रही है। संस्था की ओर से जन जागरूकता रथ शहर की बस्तियों में प्रचार प्रसार कर रहा है। चौपाल के माध्यम से लोगों में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ता बकायदा मच्छर जनित बीमारियों के बारे में विस्तार से बता कर लोगों को जागरूक कर रहे है। इस मौके पर प्रोग्राम सहायक दीपक शुक्ला,खंड शिक्षा अधिकारी सत्येन्द्र पाल सिंह, मलेरिया इंस्पेक्टर , सीडीपीओ राम सेवक, प्रभारी नगर स्वास्थ्य डॉ. हरपाल सिंह, नगर मलेरिया अधिकारी जितेन्द्र नागर आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts