जनता ने परिवारवादियों को दिया बड़ा संदेशः सीएम योगी
लखनऊ।लोकसभा उप चुनाव में रामपुर के साथ आजमगढ़ की सीट पर जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता, कार्यकर्ता तथा शीर्ष नेतृत्व बेहद उत्साहित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यालय में रविवार को मीडिया के साथ वार्ता में साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सुशासन को जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि रामपुर तथा आजमगढ़ की लोकसभा सीट पर उप चुनाव में मिली विजय डबल इंजन की भाजपा सरकार के प्रति आमजन के विश्वास की मुहर है। आज का दिन ऐतिहासिक है, यह डबल इंजन की सरकार की डबल जीत है। जनता ने 2024 के लोकसभा चुनाव लिए एक बड़ा संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने यह संदेश परिवार वादियों को दिया है। जनता ने एक बार फिर नकारात्मक सोच और विध्वंसात्मक गतिविधियों के लिए कुख्यात ताकतों को,परिवारवादी ताकतों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब परिवारवादियों, जातिवादियों,सांप्रदायिक उन्माद को भड़काने वाली माफिया को प्रश्रय देने वाली पार्टियों को जनता स्वीकार करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों का सुफल है।भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को यह जीत समर्पित है।


No comments:
Post a Comment