मेरठ। कांग्रेसी नेता द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पर अभद्र टिप्पणी करने पर संगीत सोम सेना के कार्यकर्ताओं ने उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। कालिख  पोतने वालों  ने भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी भी दे डाली।
दरअसल मामला सरधना तहसील का है। जहां पर संगीत सोम सेना के पदाधिकारी समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय में घुसे और कांग्रेस नेता के चेहरे पर कालिख पोत दी। आरोपियों ने वारदात को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध बताया। सरूरपुर निवासी एडवोकेट जितेंद्र पांचाल ने अपने फेसबुक एकाउंट से एक पोस्ट डाली थी। इसमें लिखा था कि एक वरिष्ठ दंगाई का अंत हो गया। हां, मरने के बाद वो भी संत हो गया। हालांकि इसमें किसी के नाम का जिक्र नहीं किया गया था। जितेंद्र पांचाल जब तहसील मुख्यालय स्थित अपने चेम्बर में बैठे थे। उसी दौरान सरधना निवासी सचिन खटीक के अलावा कुछ अन्य भाजपा नेताओं ने चेम्बर में कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। जितेंद्र के शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। कुछ देर बाद सचिन खटीक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली कि स्व. पूर्व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने वाले का मुंह काला किया। साथ ही चेतावनी दी कि महापुरुषों का दोबारा अपमान करने पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मामले में जब भाजपा विधायक संगीत सोम से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। यदि किसी ने पूर्व मुख्यमंत्री पर गलत टिप्पणी की है तो वह निंदनीय है। सीओ सरधना आरपी शाही ने इस प्रकरण पर कहा कि अभी तक किसी की तरफ से कोई तहरीर थाने में नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

No comments:

Post a Comment

Popular Posts