रसना के किसान परिवार से NSUI की प्रदेश कमान तक पहुंचे शशांक शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू हुआ छात्र राजनीति का सफर, सात साल की संगठनात्मक मेहनत के बाद पश्चिमी यूपी के अध्यक्ष बने; कांग्रेस में खुशी की लहर
मेरठ। गांव की मिट्टी से निकले एक युवा ने सात साल के संगठनात्मक सफर के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की छात्र राजनीति में अहम मुकाम हासिल किया है। रोहटा ब्लॉक के रसना गांव निवासी शशांक शर्मा को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) का पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। किसान परिवार से आने वाले शशांक की इस नियुक्ति को उनके संघर्ष, धैर्य और संगठन के प्रति निरंतर समर्पण की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने बताया कि शशांक ने वर्ष 2019 में दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। छात्र हितों के मुद्दों पर सक्रिय रहते हुए उन्होंने संगठन में अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छात्र राजनीति में सक्रिय हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर करीब दो वर्षों से इंतजार चल रहा था। कई दावेदारियों और संगठनात्मक समीकरणों के बीच आखिरकार शशांक को यह जिम्मेदारी मिली। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रोहित राणा ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दस वर्षों तक इस पद पर जिम्मेदारी निभाने के बाद नए नेतृत्व को कमान मिलना सुखद है। उन्हें उम्मीद है कि शशांक के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
शशांक की नियुक्ति में प्रियंका गांधी वाड्रा और उनकी टीम के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार के प्रति आभार जताया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और एआईसीसी सचिव एवं पश्चिमी यूपी जोन प्रभारी संजीव आर्य ने भी बधाई दी। मेरठ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत चौधरी, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, गौरव भाटी, महेंद्र शर्मा, प्रदीप अरोरा, हेमंत प्रधान और अवनीश पंवार समेत कई नेताओं ने खुशी जताई।


No comments:
Post a Comment