पहेलियों की बौद्धिक जुगलबंदी से सजा वामा साहित्य मंच का दरबार

‘सुनो सहेली, बूझो पहेली’ में साहित्य, व्याकरण और पर्यावरण से जुड़े सवालों ने बढ़ाया रोमांच, कवि डॉ. शशिकांत यादव ने की अनूठी पहल की सराहना

इंदौर। कभी साहित्य की बारीकियों पर चर्चा हुई तो कभी दिमाग को उलझाने वाली पहेलियों ने खूब गुदगुदाया। सवालों के जवाब तलाशने में जुटीं वामा सखियों के बीच कहीं हंसी गूंजी तो कहीं सही जवाब देने की होड़ दिखाई दी। मौका था वामा साहित्य मंच की नवंबर माह की मासिक गोष्ठी का, जिसमें पारंपरिक पहेली विधा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

‘सुनो सहेली, बूझो पहेली’ विषय पर आयोजित इस विशेष गोष्ठी में साहित्यिक, पर्यावरणीय, व्याकरण और सामान्य ज्ञान से जुड़ी पहेलियों के जरिए प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता को परखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत सपना सीपी साहू की स्वरचित सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मंच अध्यक्ष ज्योति जैन ने अतिथियों और साहित्य प्रेमियों का स्वागत करते हुए पहेली विधा की रोचकता और साहित्यिक महत्व पर प्रकाश डाला।

13 साल की उम्र से साहित्य साधना कर रहे डॉ. यादव ने सराहा नवाचार

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कवि एवं गीतकार डॉ. शशिकांत यादव विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 13 वर्ष की उम्र से साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं, लेकिन साहित्यिक पहेलियों का ऐसा अभिनव प्रयोग पहली बार देखने को मिला। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए नारी शक्ति पर आधारित अपना छंद भी सुनाया। इसमें इंदिरा गांधी, मायावती और सोनिया गांधी के उदाहरणों के जरिए महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और सामर्थ्य को रेखांकित किया।

नारी शक्ति और त्याग का सुनाया प्रेरक प्रसंग

डॉ. यादव ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में सनातन संस्कृति और नारी शक्ति के आत्मविश्वास ने समाज को संबल दिया। उन्होंने भारतीय नारी के साहस और त्याग से जुड़ा एक मार्मिक प्रसंग भी सुनाया। इसमें युद्धभूमि में शहीद हुए भाई के कटे शीश का जिक्र करते हुए ननद द्वारा भाभी को ढांढस बंधाने की भावपूर्ण पंक्तियां सुनाईं। उनके इस प्रसंग ने सभागार में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

पांच पहेलियां बूझकर डॉ. पूर्णिमा ने जीता पुरस्कार

गोष्ठी में पहेलियों का सिलसिला शुरू हुआ तो हर सवाल के साथ उत्सुकता बढ़ती गई। कई वामा सखियों ने सही जवाब देकर अपनी प्रतिभा दिखाई, लेकिन सबसे अधिक पांच पहेलियां हल करने का गौरव डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज को मिला। उन्हें ‘प्रज्ञा प्रवाहिनी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन ज्योति छाजेड़ और सुनीता सैनी ने किया। अतिथियों का स्वागत ज्योति जैन और सुनीता सैनी ने किया। इस अवसर पर धर्मेंद्र सांगले, रूपाली बर्वे, रश्मि चौधरी, विभा जैन, शिरीन भावसार, पूर्णिमा भारद्वाज और पद्मा धर्मालय का सम्मान भी किया गया। अंत में संस्था की कोषाध्यक्ष रूपाली पाटनी ने सभी अतिथियों, रचनाकारों और साहित्य प्रेमियों का आभार जताया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts